बियावीस्तोक मेडिकल यूनिवर्सिटी और ब्रानित्स्की पैलेस एक विश्वविद्यालय-स्तरीय इकाई है, जो ब्रानित्स्की पैलेस में स्थित है। यह मेडिकल यूनिवर्सिटी का मुख्यालय होने के साथ-साथ मध्य और पूर्वी यूरोप की सबसे सुंदर बारोक शैली की महलों मे से एक है। संग्रहालय का मुख्य उद्देश्य ब्रानित्स्की पैलेस की चिकित्सा, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और बड़ी संख्या में आने वाले आगंतुकों को इसके समृद्ध इतिहास से परिचित कराना है। संग्रहालय के गाइड के साथ हवेली मे पर्यटक अन्य स्थानों के साथ-साथ पुरानी फार्मेसी, 100 साल पुराना दंत चिकित्सालय, महल का फील्ड अस्पताल, तथा 17वीं शताब्दी के मूल तहखानों को भी देखते हैं, जहाँ पर ब्रानित्स्की पैलेस के इतिहास के ऊपर मुख्य प्रदर्शनी दिखाई गई है।
संग्रहालय शैक्षणिक विरासत के केंद्र की भूमिका निभाता है। यह चिकित्सा और फार्मेसी के इतिहास के क्षेत्र में एक वैज्ञानिक-शैक्षणिक संबंध का आधारशीला भी है, साथ ही विश्वविद्यालय के स्नातकों की स्मृतियों और अनुभवों को सहेज कर रखने वाली संस्था भी है। हम आपको हमारे संग्रहालय देखने के लिए आमंत्रित करते हैं। विस्तृत जानकारी निम्न लिंक पर उपलब्ध है: https://www.umb.edu.pl/en/muzeum_historii_medycyny_i_farmacji
इतिहास के बारे में कुछ शब्द...
चिकित्सा विज्ञान 300 से अधिक वर्षों से इस महल के अंदरूनी हिस्सों में मौजूद है। निवास के दाहिने विंग में चिकित्सा और दवा की प्रदर्शनियां लगाई गई हैं।
इस महल में वर्ष 1790 में मिडवाइव्स का विद्यालय (पैलेस स्कूल ऑफ मिडवाइव्स) स्थापित किया गया, जिसे बाद में प्रसूति विज्ञान संस्थान में परिवर्तित कर दिया गया। 19वीं शताब्दी में महल के कुछ कमरों में नोबल मेडेन्स संस्थान के नाम का एक छोटा अस्पताल स्थित था, और प्रथम विश्व युद्ध के दौरान पूरे महल को एक जर्मन फील्ड अस्पताल में बदल दिया गया, जिसे “लाजारेत जामेक” कहा जाता था।
सन 1950 में चिकित्सा फिर से इस महल में लौटी, जब यहाँ बियावीस्तोक मेडिकल अकादमी की स्थापना हुई, जिसका 2008 में नाम बदलकर बियावीस्तोक मेडिकल यूनिवर्सिटी (यूएमबी) कर दिया गया। जैसे कि चिकित्सा का इस स्थान से लंबा संबंध रहा है, वैसे ही यहाँ संग्रहालय गतिविधियों का भी एक लंबा इतिहास है। 1949 में कुछ महीनों के लिए महल के दाहिने विंग में बियावीस्तोक के क्षेत्रीय संग्रहालय की प्रदर्शनी लगाई गई थी। वर्ष 1950 में महल के बगल मे स्थित कोलेगियुम प्रीमुम में विश्वविद्यालय का पहला संग्रहालय — एनाटॉमिकल म्यूज़ियम — खोला गया। साल 2003 में ब्रानित्स्की पैलेस के दाहिने विंग में स्थित „चिकित्सा और फार्मेसी के इतिहास के अध्ययन की स्वतंत्र प्रयोगशाला” विभाग के एक कक्ष में पुराने जमाने मे प्रचलित फार्मेसी से संबंधित एक प्रदर्शनी खोली गई।
वर्ष 2011 में ब्रानित्स्की पैलेस के मुख्य भवन के नीचे स्थित तहखानों में सूचीकरण, वास्तुशिल्प और पुरातात्विक अनुसंधान शुरू किए गए। इन अनुसंधानों के परिणामों ने नई प्रदर्शनियों की रूपरेखा तैयार करने में सहायता की और मरम्मत तथा संरक्षण कार्यों के लिए यूरोपीय संघ से जरूरी धनराशि प्राप्त करने में मदद की। इसके परिणामस्वरूप 2018 में इस महल के एक और भाग मे एक और प्रदर्शनी क्षेत्र की जनता के लिए खोला गया, जिसका शीर्षक है „बियावीस्तोक के ब्रानित्स्की पैलेस के अतीत की यात्रा”।
साल 2021 में, यूएमबी के कुलपति अदम क्रेन्तोवस्की की पहल पर महल की पहली मंज़िल पर आउला नोबिलुम बनाया गया अर्थात पूर्व शाही शयनकक्ष को उपयोग के लिए खोला गया।
इस कक्ष को संग्रहालय की टीम के सहयोग से 18वीं शताब्दी के ऐतिहासिक स्रोतों के आधार पर पूरी तरह पुनर्निर्माण किया गया।
साल 2023–2024 में महल के मुख्य प्रांगण में किए गए पुरातात्विक खुदाई एक अत्यंत महत्वपूर्ण घटना थे। इन कार्यों की ऐतिहासिक दृष्टि से निगरानी, यूएमबी की ओर से संग्रहालय की निदेशिका डॉ मगदालेना मुस्कावा ने अपने संग्रहालय कर्मचारियों की टीम के साथ मिलकर किया।
साल 2025 बियावीस्तोक मेडिकल यूनिवर्सिटी का 75वां वार्षिकोत्सव था, तब कुलपति मारचिन मोनीउस्को की पहल पर एक अत्यंत महत्वपूर्ण घटना घटी। संग्रहालय को “चिकित्सा और फार्मेसी के इतिहास की स्वतंत्र प्रयोगशाला” की संरचना से अलग कर इसे विश्वविद्यालय-स्तरीय विभाग बनाया गया। यह परिवर्तन मई 2025 में हुआ, ठीक उसी दिन जब संग्रहालय ने मेडिकल यूनिवर्सिटी में अपने 14 वर्ष पूरे किए। इसके संगठन का नाम भी रेक्टर के प्रस्ताव पर बदलकर “बियावीस्तोक मेडिकल यूनिवर्सिटी और ब्रानित्स्की पैलेस का संग्रहालय” कर दिया गया। यह नामकरण 2011 से संग्रहित किए गए प्रदर्शनियों, शैक्षिक कार्यक्रमों, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के चरित्र के साथ पूरी तरह मेल खाता है। यूएमबी और ब्रानित्स्की पैलेस आज चिकित्सा, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षक हैं।















